क्रिकेट से सन्‍यास के बाद भाजपा में शामिल हो सकते हैं धोनी

:: न्‍यूज मेल डेस्‍क ::

नई दिल्‍ली: वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार के बाद यह अटकलें तेज हो गईं हैं कि शायद महेंद्र सिंह धोनी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दें। इसी बीच धोनी को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। बीजेपी के बड़े नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजय पासवान ने दावा किया है कि महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा, 'इस संबंध में धोनी से काफी समय से बातचीत चल रही है। हालांकि, यह फैसला उनके संन्यास के बाद ही लिया जाएगा।'

पासवान ने कहा, 'धोनी मेरे मित्र हैं, वर्ल्ड फेम खिलाड़ी हैं, ऐसे में उनसे भाजपा में आने के लिए बातचीत हुई है।' आपको बता दें कि संजय पासवान वाजपेयी सरकार के दौरान एचआरडी मिनिस्ट्री में एमओएस रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनकी धोनी से कई बार मुलाकात और बातचीत भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के जरिए देश की बहुत सेवा कर ली है। अब उन्हें क्रिकेट से संन्यास लेकर समाज और देश सेवा के लिए राजनीति में आना चाहिए।

पासवान ने दावा किया है कि वह धोनी के लगातार संपर्क में हैं, उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही इस बारे में फैसला लेंगे। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने जनसंपर्क के जरिए देश की महत्वपूर्ण हस्तियों से मुलाकात की थी, इस अभियान को पार्टी ने 'संपर्क फॉर समर्थन' नाम दिया था। इस अभियान के तहत भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की थी और उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों और अपनी पार्टी के विचारों से भी अवगत कराया था। महेंद्र सिंह धोनी की ओर से फिलहाल इस बारे में कोई भी बयान नहीं आया है। भाजपा से कई क्रिकेट खिलाड़ी पहले से भी जुड़े रहे हैं। पंजाब में कांग्रेस के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पहले भाजपा में ही थे और टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने भी लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा का दामन थामा और वह पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद भवन पहुंचे हैं। कीर्ति आजाद, चेतन चौहान जैसे नाम भी भाजपा से जुड़े रहे हैं।

Sections

Add new comment