मोदी का लक्ष्य है संविधान को नष्ट करना : राहुल

:: न्‍यूज मेल डेस्‍क ::

विजयवाड़ा: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अंतिम लक्ष्य भारत के संविधान को नष्ट करना है, क्योंकि उन्हें आरएसएस का सपना पूरा करने में यह संविधान बाधक लगता है। उनकी पार्टी मगर ऐसा कभी नहीं होने देगी।

आंध्र प्रदेश में राहुल ने दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया। दोनों जगह उन्होंने दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों पर हुए हमलों को लेकर मोदी को निशाने पर रखा।

अनंतपुर और कल्याणदुर्ग में पार्टी की रैलियों में उन्होंने कहा, "दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों को सड़कों पर पीटा गया और कई को जान से मार दिया गया। वे इन्हें हर रोज डरा रहे हैं। भाजपा और आरएसएस संविधान पर हमला कर रहे हैं। लोकतंत्र के प्रतीक संस्थानों की विश्वसनीयता खत्म होती जा रही है। यह देश के लिए यह बहुत घातक है। ऐसे में लोकतंत्र नहीं बच पाएगा। वे अपना सपना पूरा करने में लोकतंत्र को भी बाधक मानते हैं, इसलिए ऐसा कर रहे हैं। किसी को भी कानून हाथ में लेने, किसी की जान ले लेने की छूट दे रहे हैं। वे लोकतंत्र के खिलाफ धीरे-धीरे कदम बढ़ा रहे हैं, ताकि तुरंत कोई बड़ा विद्रोह न हो।" 

उन्होंने कहा, "भारत को धर्म के नाम पर बांटो, धन चोरी करो, उसे चंद चहेते दोस्तों के बीच बांटो और खुद को चौकीदार के रूप में प्रचारित कर सारे कारनामों पर पर्दा डाल दो, यही मोदी की नीति और राजनीति है।" 

राहुल ने कहा, "इनकी नीति से असहमति रखनेवाने लोगों की हत्या हो रही है और महिलाओं से दुष्कर्म हो रहा है, ऐसे अपराधों में भाजपा के लोग फंस रहे हैं, मगर सब पर पर्दा डाला जा रहा है। आज देश में डर का माहौल है। भारत को बांटो व भारत का धन चोरी करो और भारत माता की जय बोलो, यही मोदी मंत्र है।"

राहुल गांधी ने कहा, "हर कोई जानता है कि मोदी का आखिरी लक्ष्य भारत के संविधान को नष्ट करना है। मगर हम ऐसा करने की इजाजत कभी नहीं देंगे। दलितों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों, किसानों, कमजोर तबकों, सभी को देश में शांति से रहने का अधिकार है। यह देश किसी एक व्यक्ति या एक संगठन की निजी संपत्ति नहीं है।"

कांग्रेस अध्यक्ष ने वादा किया अगर आंध्र प्रदेश में सत्ता हासिल हुई तो कांग्रेस दो दिनों के अंदर कृषि ऋण माफ कर देगी, जैसा कि हाल ही में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश व राजस्थान में सत्ता में आने पर किया।

उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस केंद्र की सत्ता में आई तो आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का काम सबसे पहली कार्य सूची में शामिल होगा।

राहुल गांधी ने प्रत्यक्ष तौर पर तेलुगू देशम पार्टी (पार्टी) पर हमला नहीं किया। कांग्रेस अगले महीने होने वाले विधानसभा व लोकसभा चुनावों में हालांकि अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश की पार्टियां राज्य को विशेष दर्जा दिलाने के लिए मोदी पर उतनी आक्रमक नहीं रही, जितना होना चाहिए था।

राहुल गांधी ने कहा कि पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकारों ने 14 करोड़ से ज्यादा लोगों को गरीबी से बाहर निकाला और मनरेगा जैसी योजनाओं से लाखों लोगों को रोजगार दिया।

उन्होंने कहा, "हमने देश को खाद्य सुरक्षा का अधिकार दिया, स्कूलों में हमारे बच्चों को खाना दिया, हमने किसानों, जनजातियों व दलितों की जमीनों की रक्षा के लिए नए कानून बनाए।"

उन्होंने कहा कि 2014 में सत्ता में आने के बाद मोदी ने सभी चीजों को खत्म कर दिया।

राहुल गांधी ने कहा, "वह इतने ही पर नहीं रुके। उन्होंने नोटबंदी की, जिससे छोटे व मध्यम व्यापारियों, गरीबों व किसानों की मुश्किलें बढ़ीं। इसके बाद वह जीएसटी लाए, जिससे छोटे व मध्यम दुकानदारों के लिए जटिलताएं पैदा हुईं।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबी के खिलाफ लड़ाई की घोषणा करती है।

कांग्रेस के घोषणापत्र में न्यूनतम आय योजना (न्याय) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "कांग्रेस गरीबी के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करेगी। हम भारत के लोगों को 'न्याय' देंगे। यह गरीबी के खिलाफ हमारा गैर-हिंसक हथियार है।"

उन्होंने कहा कि 12,000 से कम की मासिक कमाई वाले 20 फीसदी सबसे गरीब लोगों की जाएगी और हर साल उनके बैंक खातों में 72,000 रुपये दिए जाएंगे।

Tags

Add new comment